बीएसएनएल पेंशनर्स के लिए आउटरीच कार्यक्रम आयोजित
जम्मू, 13 मार्च (हि.स.)। बीएसएनएल पेंशनर्स के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से गांदरबल में पेंशनर्स आउटरीच प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रिंसिपल कंट्रोलर ऑफ कम्युनिकेशन अकाउंट्स नॉर्थ जोन आशीष जोशी, कंट्रोलर ऑफ कम्युनिकेशन अकाउंट्स जम्मू-कश्मीर राज करण वर्मा और जॉइंट सीसीए अमानुल्लाह तक ने बीएसएनएल के पेंशनर्स के घरों का दौरा कर उनके हालचाल जाने और उन्हें आ रही समस्याओं की जानकारी ली।
कश्मीर क्षेत्र में पेंशनर्स को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अधिकारियों ने बीएसएनएल जम्मू-कश्मीर सर्किल के चीफ जनरल मैनेजर के साथ बैठक भी की। बैठक में श्रीनगर में कंट्रोलर ऑफ कम्युनिकेशन अकाउंट्स का एक उप-कार्यालय स्थापित करने की संभावना पर चर्चा की गई। प्रस्तावित कार्यालय के लिए उपयुक्त स्थान भी चिन्हित कर लिया गया है और आवश्यक स्वीकृतियां मिलने के बाद इसके संचालन की उम्मीद है।
तब तक के लिए यह निर्णय लिया गया है कि जम्मू स्थित सीसीए कार्यालय का एक अधिकारी हर सप्ताह श्रीनगर आएगा और बीएसएनएल द्वारा उपलब्ध कराए गए स्थान पर पेंशनर्स से मिलकर उनकी शिकायतों का समाधान करेगा। प्रिंसिपल सीसीए ने इस पहल को सफल बनाने में बीएसएनएल जम्मू-कश्मीर के चीफ जनरल मैनेजर कुश कुमार और पीजीएम कश्मीर अरविंद पांडेय के सहयोग की सराहना की। यह कार्यक्रम केंद्र सरकार के “सेवा संकल्प” संकल्प के तहत आयोजित किया जा रहा है जिसका उद्देश्य नागरिक-केंद्रित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

