राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के उधमपुर-चेनानी खंड पर 31 जुलाई, 2026 को यातायात पूरी तरह से बंद करने का आदेश
उधमपुर, 30 जुलाई (हि.स.)।भूस्खलन और मलबा गिरने के लगातार खतरे को देखते हुए उधमपुर जिला प्रशासन ने लाधा, समरोली के पास ढलान स्थिरीकरण और पुनर्निर्माण कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के उधमपुर-चेनानी खंड पर 31 जुलाई, 2026 को यातायात पूरी तरह से बंद करने का आदेश दिया है।
उधमपुर के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार 18 जुलाई से लगातार हो रही बारिश के कारण संवेदनशील पहाड़ी ढलानों पर बार-बार भूस्खलन, कीचड़ और मलबा गिर रहा है जिससे यात्रियों और पुनर्निर्माण कर्मियों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है। प्रशासन ने कहा कि घाटी की ओर जाने वाली सड़क को चौड़ा करके दोनों तरफ का यातायात बहाल कर दिया गया है लेकिन प्रभावित ढलान को स्थायी रूप से स्थिर करने के लिए लटके हुए मलबे को हटाने के लिए भारी मशीनरी की तैनाती आवश्यक है जो यातायात चालू रहते हुए सुरक्षित रूप से नहीं किया जा सकता है।
आदेश में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), पीआईयू रामबन को यातायात रोक के दौरान गहन मलबा हटाने, ढलान को स्थिर करने और सभी आवश्यक मरम्मत कार्य करने का निर्देश दिया गया है ताकि राजमार्ग को सुरक्षित रूप से और जल्द से जल्द फिर से खोला जा सके। उधमपुर और रामबन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, एनएचडब्ल्यू रामबन के पुलिस अधीक्षक (यातायात) और अन्य संबंधित अधिकारियों को उचित यातायात नियमन और डायवर्जन योजनाओं को लागू करने और आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। एनएचएआई को पर्याप्त जनशक्ति और मशीनरी तैनात करने, चेतावनी चिह्न और बैरिकेड लगाने, नागरिक और पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने और आपातकालीन प्रतिक्रिया दल, एम्बुलेंस और आपदा प्रबंधन संसाधनों को पूरे अभियान के दौरान तैयार रखने का निर्देश दिया गया है।
उधमपुर के जिला सूचना अधिकारी को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से इस अस्थायी बंद की व्यापक रूप से जानकारी देने के लिए कहा गया है ताकि यात्री अपनी यात्रा की योजना तदनुसार बना सकें। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट प्रेम सिंह (जेकेएएस) द्वारा जारी यह आदेश निर्दिष्ट अवधि तक ही प्रभावी रहेगा जब तक कि इसमें संशोधन या इसे वापस नहीं लिया जाता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

