home page

भाजपा का 'ऑपरेशन लोटस' रुहुल्लाह को नेशनल कॉन्फ्रेंस से बाहर निकालने में कामयाब रहा : सलमान सागर

 | 

श्रीनगर, 04 नवंबर (हि.स.)। नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के विधायक सलमान अली सागर ने बुधवार को कहा कि भाजपा अपने 'ऑपरेशन लोटस' में कामयाब रही है, जिसके तहत श्रीनगर के सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी को पार्टी से बाहर होना पड़ा।

पार्टी मुख्यालय 'नवाई सुबह' में बनिहाल के विधायक सज्जाद शाहीन के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान सागर ने कहा कि रुहुल्लाह को पार्टी नेतृत्व से सवाल पूछने और असहमति जताने का पूरा लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन उन्हें अपनी शिकायतें पार्टी के आंतरिक मंचों के जरिए उठानी चाहिए थीं। सागर ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस एक लोकतांत्रिक संगठन है, जहां हर सदस्य को बोलने, सवाल उठाने और स्वतंत्र फैसले लेने का अधिकार है। हालांकि उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के खिलाफ रुहुल्लाह ने जिस भाषा का इस्तेमाल किया वह दुर्भाग्यपूर्ण है।

सागर ने कहा कि भाजपा लंबे समय से नेशनल कॉन्फ्रेंस को कमजोर करने की कोशिश कर रही है और हाल के घटनाक्रमों से कश्मीर में भाजपा के राजनीतिक हितों को फायदा पहुंचा है। उन्होंने कहा कि जम्मू में भाजपा को मिले राजनीतिक लाभ और रुहुल्लाह के फैसले से जुड़े घटनाक्रमों को एक व्यापक राजनीतिक संदर्भ में देखा जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि इस स्थिति ने घाटी में भाजपा को अपना राजनीतिक एजेंडा आगे बढ़ाने में मदद की है।

पार्टी के साथ रुहुल्लाह के जुड़ाव पर सवाल उठाते हुए सागर ने कहा कि सांसद न तो नियमित रूप से पार्टी मुख्यालय आते थे और न ही बैठकों में शामिल होते थे। उन्होंने कहा कि इतना बड़ा फैसला लेने से पहले रुहुल्लाह को विधायकों और पार्टी के अन्य हितधारकों के साथ बातचीत करने की पहल करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि मतभेदों को बातचीत के जरिए सुलझाया जा सकता था। साथ ही उन्होंने सवाल किया कि क्या रुहुल्लाह ने अपना फैसला लेने से पहले पार्टी के विधायकों से पर्याप्त रूप से संपर्क किया था।

सागर ने कहा कि पार्टी की ताकत किसी एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि उसके सामूहिक नेतृत्व और जनता से मिले जनादेश पर टिकी है। उन्होंने कहा कि लोगों ने नेशनल कॉन्फ्रेंस को सत्ता में इसलिए पहुंचाया ताकि एक समुदाय को राजनीतिक रूप से कमजोर होने से बचाया जा सके न कि किसी एक नेता की वजह से। अनुच्छेद 370 और 35ए पर पार्टी के रुख का जिक्र करते हुए सागर ने स्पष्ट किया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस का मूल राजनीतिक रुख पहले जैसा ही है और इसे किसी एक नेता से जुड़े मतभेदों से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह