home page

कठुआ में पुलिस को खुली चुनौती-थाना पास, सीसीटीवी चालू, फिर भी दुकान से लाखों की चोरी

 | 
कठुआ में पुलिस को खुली चुनौती-थाना पास, सीसीटीवी चालू, फिर भी दुकान से लाखों की चोरी


कठुआ, 30 जून (हि.स.)। शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है। मुख्य थाना कठुआ से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित कोर्ट रोड पर एक जुगल जनरल स्टोर को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के नोटों के हार चोरी कर लिए।

जानकारी के अनुसार दुकान मालिक जब सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचा तो उसने देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखने पर दुकान में रखे नोटों के हार गायब थे। पीड़ित दुकानदार के मुताबिक चोर करीब डेढ़ लाख से दो लाख रुपये तक के नोटों के हार चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही कठुआ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर यह चोरी हुई वह शहर का अत्यंत व्यस्त इलाका है। दुकान के बाहर और आसपास कई सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इसके अलावा कुछ ही दूरी पर जिला कोर्ट स्थित है और रात के समय भी यहां आवाजाही बनी रहती है। यही नहीं इसी चैक पर सीआरपीएफ और पुलिस के जवान भी तैनात रहते हैं बावजूद इसके चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है और उन्होंने शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि नशे की लत के कारण युवा अपराध की ओर बढ़ रहे हैं और इसी वजह से चोरी की वारदातों में इजाफा हो रहा है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया