पुंछ-कलई सड़क दुर्घटना में एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
पुंछ, 28 फ़रवरी (हि.स.)। शनिवार सुबह पुंछ जिले के कलई इलाके में माल से लदे एक ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार जम्मू से पुंछ जा रहा एक मालवाहक ट्रक कलई में चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और एक गहरी खाई में गिर गया। परिणामस्वरूप सथरा मंडी निवासी मकसूद अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक में सवार दो अन्य लोग, सीदी निवासी सज्जाद अहमद और फतेहपुर मंडी निवासी मोहम्मद जहूर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से पूंछ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
अस्पताल अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मृतक का शव उसके परिवार को सौंप दिया गया है जबकि घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

