home page

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर आईडीपीएस जम्मू में ‘ऑन्कोअसेंबली 2026’ आयोजित, युवाओं ने लिया नशा मुक्त जीवन का संकल्प

 | 
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर आईडीपीएस जम्मू में ‘ऑन्कोअसेंबली 2026’ आयोजित, युवाओं ने लिया नशा मुक्त जीवन का संकल्प


जम्मू, 30 मई (हि.स.)। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर आईडीपीएस जम्मू में ऑन्कोअसेंबली 2026 का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एसोसिएशन ऑफ रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट्स ऑफ इंडिया तथा एलबीएनआरओएच के सहयोग से आयोजित किया गया जिसका उद्देश्य तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना और विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं नशा मुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. दीपक अबरोल (अध्यक्ष, नॉर्थ जोन एसोसिएशन ऑफ रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट्स ऑफ इंडिया एवं चेयरमैन ट्रस्टी, एलबीएनआरओएच), शशि खजूरिया (सचिव, एलबीएनआरओएच), मालविका खजूरिया संयुक्त सचिव एलबीएनआरओएच, डॉ. सुरभि कुद्यार (सलाहकार एलबीएनआरओएच) तथा समन्वयक यासिर चैहान एवं माजर इकबाल उपस्थित रहे।

इस अवसर पर “तंबाकू प्रतिबंध समय की मांग” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए तंबाकू के दुष्प्रभावों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान दयाना शाह, द्वितीय स्थान अंजन कौर, तृतीय स्थान हरनिध कौर कंधारी, सांत्वना पुरस्कार जैसमीत कौर एवं मतीबा मुगल ने हासिल कियां। कार्यक्रम के दौरान डॉ. दीपक अबरोल ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को “नो टोबैको” जीवन अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि आगामी ऑन्कोअसेंबली ऑन्कोलॉजी पार्लियामेंट एवं क्रैबेकॉन कैंसर कन्वेंशन 2026 की श्रृंखला का प्रथम आयोजन है, जिसमें देशभर के विशेषज्ञ, शोधकर्ता, नीति निर्माता एवं छात्र एक मंच पर एकत्रित होंगे।

उन्होंने इस पहल में जम्मू-कश्मीर बैंक के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था कैंसर जागरूकता एवं जनशिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कार्यक्रम ने युवाओं को यह संदेश दिया कि आज की जागरूकता ही भविष्य की सुरक्षा है और समाज को तंबाकू मुक्त बनाने में युवाओं की अहम भूमिका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया