home page

बीजेपी नेता सुनील शर्मा ने उमर अब्दुल्ला पर लगाया राजनीतिक ड्रामेबाजी का आरोप

 | 

जम्मू,, 21 जुलाई (हि.स.)।

बीजेपी ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर नई दिल्ली में राजनीतिक नाटक करने का आरोप लगाया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि जब जम्मू-कश्मीर, खासकर पुंछ और राजौरी जिले, बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन जैसी आपदाओं से जूझ रहे हैं, उस समय मुख्यमंत्री को दिल्ली में प्रदर्शन करने के बजाय प्रभावित इलाकों में रहकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करनी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने मानवीय संकट के समय राजनीति को प्राथमिकता दी।

बीजेपी नेताओं ने बादल फटने और अचानक आई बाढ़ में मारे गए लोगों के परिजनों को 20 लाख रुपये मुआवजा देने, प्रभावित परिवारों को छह महीने का राशन उपलब्ध कराने, तत्काल पुनर्वास, क्षतिग्रस्त धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण और राजौरी के स्लम क्षेत्रों में बेघर हुए परिवारों के लिए अस्थायी आवास की मांग की। पार्टी ने डोडा के रागी नाला हादसे और किश्तवाड़ के क्यार डाचन क्षेत्र में नुकसान झेलने वालों के लिए भी मुआवजे की मांग उठाई।

सुनील शर्मा ने कहा कि पुंछ और राजौरी में अभी भी कई लोग मलबे में दबे हुए हैं, लेकिन मुख्यमंत्री राहत कार्यों पर ध्यान देने के बजाय दिल्ली में राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त हैं। उन्होंने बताया कि बादल फटने की घटना के बाद बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना के नेतृत्व में पार्टी की टीम लोरन मंडी प्रभावित क्षेत्र के लिए रवाना की गई है। बीजेपी ने सभी प्रभावित जिलों से नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर केंद्र और प्रदेश सरकार के समक्ष रखने की बात भी कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता