home page

पुराने लंबित मामलों की जांच में तेजी लाएं अधिकारी-शक्ति पाठक

 | 
पुराने लंबित मामलों की जांच में तेजी लाएं अधिकारी-शक्ति पाठक


श्रीनगर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के निदेशक शक्ति पाठक आईपीएस ने विभागीय सतर्कता अधिकारियों को लंबित मामलों की जांच में तेजी लाने और कदाचार से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसीबी मुख्यालय पीरबाग श्रीनगर में आयोजित डीवीओ कांफ्रेंस की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने अधिकारियों से पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर जोर दिया।

कांफ्रेंस में कश्मीर संभाग के विभिन्न विभागों से 51 डीवीओ ने भाग लिया। इस दौरान निदेशक एसीबी ने डीवीओ के पास लंबित मामलों की समीक्षा की और जांच प्रक्रिया में अनावश्यक देरी से बचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों के विरुद्ध ऐसी शिकायतें जिनमें कदाचार का कोई तत्व सामने आता हो उनकी उचित और गहन जांच की जानी चाहिए। शक्ति पाठक ने डीवीओ से जांच रिपोर्ट इस प्रकार प्रस्तुत करने को कहा कि उसमें संबंधित सरकारी कर्मचारी के कथित कदाचार के तथ्यों को स्पष्ट रूप से सामने लाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने जिलों और विभागों में होने वाली अनियमितताओं एवं भ्रष्ट गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी संज्ञान में आने पर आगे की कार्रवाई के लिए एसीबी को सूचित करने की सलाह दी। कांफ्रेंस के दौरान डीवीओ द्वारा जांच करने की प्रक्रिया को लेकर एक विस्तृत प्रस्तुति भी दी गई। अधिकारियों को जांच के लिए आवश्यक पठन सामग्री उपलब्ध करवाते हुए पेशेवर क्षमता बढ़ाने और जांच की गुणवत्ता में सुधार पर भी जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया