home page

उत्तरी सेना कमांडर ने किश्तवाड़ का दौरा किया, शांति सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का किया आह्वान

 | 

जम्मू, 23 मार्च (हि.स.)। सेना के उत्तरी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले का दौरा किया और सैनिकों की पेशेवर दक्षता की सराहना करते हुए उनसे क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का आग्रह किया।

पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) को किश्तवाड़ जिले में बड़ा झटका लगा जब सेना ने चुनौतीपूर्ण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक साल तक चले अभियान में उसके सात प्रशिक्षित आतंकवादियों को मार गिराया। इनमें से अंतिम तीन जिनमें सबसे वांछित कमांडर सैफुल्लाह भी शामिल था 22 फरवरी को मारे गए।

उत्तरी कमान ने एक पोस्ट में कहा कि जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, लेफ्टिनेंट जनरल शर्मा ने परिचालन तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए किश्तवाड़ सेक्टर का दौरा किया।

उन्होंने सभी कमांडरों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया और सैनिकों से बातचीत की। उन्होंने चुनौतीपूर्ण भूभाग और प्रतिकूल मौसम की स्थिति में उनके निरंतर प्रयासों, व्यावसायिकता और दृढ़ संचालन की सराहना की और उनसे क्षेत्र में निरंतर शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ गति और निर्बाध समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह