सरकारी मेडिकल कॉलेज राजौरी के गैर-राजपत्रित कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू किया
राजौरी, 16 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में काम करने वाले गैर-राजपत्रित कर्मचारियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। पिछले सात साल से लंबित सर्विस रिक्रूटमेंट रूल्स को अंतिम रूप देने की मांग को लेकर कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
सरकारी मेडिकल कॉलेज राजौरी के गैर-राजपत्रित कर्मचारियों ने सोमवार को सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू किया। यह प्रदर्शन जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों की समन्वय समिति के नेतृत्व में किया गया। कर्मचारियों का मुख्य मुद्दा पिछले सात वर्षों से लंबित सर्विस रिक्रूटमेंट रूल्स को तैयार करने और अंतिम रूप देने में हो रही देरी है।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का आरोप है कि स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग पिछले सात वर्षों से पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों के गैर-राजपत्रित कर्मचारियों के लिए सर्विस रिक्रूटमेंट रूल्स तैयार करने और उन्हें अंतिम रूप देने में विफल रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि इतने लंबे समय तक नियमों का अंतिम रूप से तय न होना उनके सेवा संबंधी मामलों को प्रभावित कर रहा है।
कर्मचारियों ने इस बात पर नाराजगी जताई कि पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सेवाएं दे रहे गैर-राजपत्रित कर्मचारियों को अभी तक स्पष्ट और अंतिम सेवा भर्ती नियमों का इंतजार करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि किसी भी सरकारी संस्थान में कर्मचारियों की नियुक्ति, सेवा शर्तों, पदोन्नति और अन्य सेवा संबंधी मामलों को व्यवस्थित करने के लिए स्पष्ट भर्ती नियम बेहद जरूरी होते हैं।
समन्वय समिति के नेतृत्व में कर्मचारियों ने सरकार और स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग से मांग की है कि इस लंबे समय से लंबित मामले को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए तथा पांचों नए मेडिकल कॉलेजों के गैर-राजपत्रित कर्मचारियों के लिए सर्विस रिक्रूटमेंट रूल्स को जल्द तैयार कर अंतिम मंजूरी दी जाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सात वर्षों की प्रशासनिक देरी के बाद अब इस मुद्दे पर ठोस निर्णय लेने की आवश्यकता है। कर्मचारियों ने संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान निकालने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

