पीएम पैकेज कर्मचारियों के लिए 'वर्क फ्रॉम होम' का कोई आदेश नहीं: डिविजनल कमिश्नर
श्रीनगर, 14 अगस्त (हि.स.)।
कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग ने शुक्रवार को कहा कि पीएम पैकेज कर्मचारियों को घर से काम करने (वर्क फ्रॉम होम) के लिए कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल सरकार और प्रशासन के आधिकारिक चैनलों से मिली सही जानकारी पर ही भरोसा करें। उन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए जिनमें कहा गया था कि सुरक्षा चिंताओं के कारण प्रधानमंत्री पैकेज के तहत नियुक्त कर्मचारियों को मौखिक रूप से घर से काम करने के लिए कहा गया है, गर्ग ने बताया कि ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। उ
न्होंने कहा कि प्रशासन ने श्रीनगर में स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले कर्मचारियों, निवासियों और आम जनता के लिए सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए हैं। उन्होंने कहा कि हमें सरकार और प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए सही सूचना चैनलों पर भरोसा करना चाहिए। गर्ग ने लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई भी दी और निवासियों को शनिवार को बख्शी स्टेडियम में होने वाले मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया, जहां मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सुबह 10 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और लोगों को संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को बख्शी स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल हुई जिसमें लगभग 20 दिनों की तैयारियों के बाद परेड टुकड़ियों और सांस्कृतिक समूहों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों ने समारोह के सुचारू और सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

