home page

मेडिकल भत्ते में बढ़ोतरी की मांग, एनएमसी ने उठाई आवाज

 | 

जम्मू, 30 मार्च (हि.स.)। नेशनल मजदूर कॉन्फ्रेंस (एनएमसी) के अध्यक्ष सुभाष शास्त्री ने सोमवार को मुख्यमंत्री से पेंशनर्स के मासिक मेडिकल भत्ते को 300 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये करने की जोरदार मांग की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आगामी जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश की कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया जाना चाहिए। एनएमसी कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए शास्त्री ने कहा कि दवाइयों और चिकित्सा खर्चों में पिछले दो दशकों में भारी वृद्धि हुई है, जिसके चलते यह मांग पूरी तरह जायज है। उन्होंने बताया कि लद्दाख में अप्रैल 2020 से ही पेंशनर्स को 1000 रुपये मासिक मेडिकल भत्ता दिया जा रहा है, जबकि जम्मू-कश्मीर में अभी भी केवल 300 रुपये ही दिए जा रहे हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि बजट में पेंशनर्स की इस मांग को पूरा किया जाएगा। इसके अलावा शास्त्री ने जनवरी 2020 से जून 2021 तक के 18 महीनों के लंबित डीए एरियर जारी करने की भी मांग की। शास्त्री ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री से अपील करते हुए कहा कि कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए रोके गए तीन डीए किस्तों के बकाये को जल्द जारी किया जाए। साथ ही 1 जनवरी 2026 से देय 3 प्रतिशत डीए भी लागू किया जाए। उन्होंने सरकार से दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने और उनसे किए गए वादों को पूरा करने की भी मांग की।

बैठक में राजन बाबू खजूरिया, बी.एस. जमवाल, सुरिंदर कुमार, राम सिंह, रमेश शर्मा, गिरधारी लाल भगत, दलीप भगत, स्वर्ण भगत, शैल सिंह, दर्शन बाबा, शफीक खान, सुभाष शर्मा, बलदेव राज, घारा राम, विनोद कुमार, जोग राज सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा