home page

निखिल की मौत से मामला अब डबल मर्डर में तब्दील, दो सगे भाइयों की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 | 
निखिल की मौत से मामला अब डबल मर्डर में तब्दील, दो सगे भाइयों की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़


कठुआ, 11 मई (हि.स.)। कठुआ में बीते दिनों हुए सनसनीखेज हमले ने अब डबल मर्डर का रूप ले लिया है। प्रेम प्रसंग में शुरू हुई रंजिश ने ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि एक ही मां के दोनों बेटों की जान चली गई जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार पारस वर्मा उर्फ सुमित (पुत्र सोमराज, निवासी वार्ड नंबर 9 कठुआ) ने अपने ही करीबी दोस्त नकुल सिंह और उसके भाई निखिल सिंह पर उनके घर में घुसकर क्रिकेट बैट से हमला किया था। इस हमले में नकुल सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी जबकि निखिल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल निखिल को पहले जीएमसी कठुआ और फिर बेहतर इलाज के लिए एम्स जम्मू रेफर किया गया जहां सोमवार को उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई। निखिल की मौत के साथ ही यह मामला अब डबल मर्डर में तब्दील हो गया है।

इस पूरे घटनाक्रम के पीछे प्रेम प्रसंग की रंजिश सामने आई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी और मृतक दोनों एक ही लड़की से प्रेम करते थे। इसी विवाद के चलते आरोपी ने गुस्से में आकर यह खौफनाक कदम उठाया। जब निखिल ने अपने भाई को बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी बेरहमी से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था और मृतक का फोन भी गायब था जिसे पुलिस ने बाद में बरामद कर लिया।

इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने के लिए कठुआ पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया था।

एसएसपी कठुआ मोहित शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 25 घंटे के भीतर ही इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझा ली और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। इस संबंध में एसएसपी द्वारा पत्रकार वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा भी किया गया था। वहीं सोमवार को निखिल सिंह के शव को जीएमसी कठुआ लाया गया जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की आगे की जांच जारी है। वहीं दोनों सगे भाइयों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और कठुआ में गम का माहौल बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया