home page

अमरनाथ यात्रा के लिए एनएचएआई जम्मू की विशेष तैयारी, हाईवे पर चौबीसों घंटे निगरानी

 | 
अमरनाथ यात्रा के लिए एनएचएआई जम्मू की विशेष तैयारी, हाईवे पर चौबीसों घंटे निगरानी


जम्मू, 09 जुलाई (हि.स.)। श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) क्षेत्रीय कार्यालय जम्मू ने व्यापक स्तर पर हाईवे रखरखाव और निगरानी व्यवस्था लागू की है। यात्रा शुरू होने से पहले जम्मू क्षेत्र के विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग खंडों पर सड़क मरम्मत, री-सर्फेसिंग, लेन मार्किंग का नवीनीकरण, क्रैश बैरियर की मरम्मत, नालों की सफाई, सड़क संकेतकों का रखरखाव, टोल प्लाजा की रंगाई-पुताई तथा वनस्पति हटाने जैसे कार्य किए गए।

एनएचएआई के अनुसार प्रमुख हाईवे खंडों पर नई लेन मार्किंग बहाल की गई है जिससे दिन और रात दोनों समय दृश्यता बेहतर हुई है तथा सड़क सुरक्षा को मजबूती मिली है। इसके अलावा रणनीतिक स्थानों पर रखरखाव दल और इंजीनियर तैनात किए गए हैं जो लगातार सड़क की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और किसी भी आवश्यकता पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं।

3 जुलाई 2026 से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु जम्मू के राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से होकर यात्रा कर चुके हैं। एनएचएआई जम्मू का कहना है कि इन सक्रिय उपायों से यात्रियों और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं को अधिक सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा अनुभव मिला है। प्राधिकरण अपने परियोजना कार्यान्वयन इकाइयों, कंसेशनायरों और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय में पूरे यात्रा काल के दौरान हाईवे नेटवर्क की लगातार निगरानी कर रहा है ताकि निर्बाध कनेक्टिविटी और उच्च सुरक्षा मानक बनाए रखे जा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा