रेहाड़ी चुंगी में नए ट्यूबवेल का उद्घाटन, स्थानीय लोगों को मिलेगा बेहतर पेयजल
जम्मू, 09 मार्च (हि.स.)। जम्मू पश्चिम के विधायक अरविंद गुप्ता ने सोमवार को वार्ड नंबर 24 के रेहाड़ी चुंगी स्थित गुरुद्वारा कलगीधर साहिब में नए स्थापित ट्यूबवेल का उद्घाटन किया। यह ट्यूबवेल उनके निर्वाचन क्षेत्र विकास निधि (सीडीएफ) से विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाना है। उद्घाटन समारोह में गुरुद्वारा कलगीधर साहिब रेहाड़ी के प्रधान डॉ. सुरजीत सिंह, डीजीपीसी जम्मू पश्चिम के सदस्य करण सिंह बाली, पीएचई जम्मू सिटी के कार्यकारी अभियंता तेजिंदर सिंह, वार्ड नंबर 25 की पार्षद अनु बाली, गुरुद्वारा के सदस्य सतवंत सिंह सहित भाजपा मंडल अध्यक्ष और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक अरविंद गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना उनके क्षेत्रीय विकास कार्यों की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि इस ट्यूबवेल के शुरू होने से रेहाड़ी चुंगी और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों के साथ-साथ गुरुद्वारा आने वाले श्रद्धालुओं को भी पर्याप्त और नियमित जल आपूर्ति मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि बुनियादी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है और इसी उद्देश्य से सीडीएफ फंड के माध्यम से इस ट्यूबवेल की स्थापना की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार सार्वजनिक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

