home page

जीडीसी कठुआ में नए विद्यार्थियों को अकादमिक व्यवस्था और सुविधाओं की दी जानकारी

 | 
जीडीसी कठुआ में नए विद्यार्थियों को अकादमिक व्यवस्था और सुविधाओं की दी जानकारी


कठुआ, 19 सितंबर (हि.स.)। राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ में मनोवैज्ञानिक परामर्श प्रकोष्ठ की ओर से प्रथम वर्ष के नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कॉलेज की अकादमिक व्यवस्था, छात्र सहायता सेवाओं, छात्रवृत्ति योजनाओं, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और परिसर में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देना था।

प्राचार्य डॉ. मनोहर लाल के मार्गदर्शन और कार्यक्रम संयोजक डॉ. राम सिंह की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षकों ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। प्रो. राकेश सिंह ने परीक्षा संबंधी विषयों, प्रो. जगदीश सिंह ने छात्रवृत्ति योजनाओं, डॉ. आर के मनहास ने एनईपी-2020 के प्रावधानों तथा प्रो. यशपाल शर्मा ने कॉलेज में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। डॉ. नीलम कुमारी ने मनोवैज्ञानिक परामर्श प्रकोष्ठ की भूमिका और विद्यार्थियों को उपलब्ध परामर्श सेवाओं से अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन व समन्वय वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. पिंकी ने किया।

स्वागत भाषण प्रो. उपमा कुमारी ने दिया जबकि धन्यवाद प्रस्ताव अनिल कुमार वर्मा ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के माध्यम से नए विद्यार्थियों को कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण और उपलब्ध सहायता सेवाओं की उपयोगी जानकारी मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया