जम्मू में नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों के नॉन-गजेटेड कर्मचारियों ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
जम्मू,, 27 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर के नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत नॉन-गजेटेड कर्मचारियों ने जम्मू में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को उठाया। कर्मचारियों ने कहा कि पिछले सात वर्षों से अधिक समय से उनकी कई महत्वपूर्ण मांगें पूरी नहीं हो पाई हैं। उन्होंने सरकार और संबंधित अधिकारियों से इन समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने की अपील की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कर्मचारियों ने सर्विस रूल्स तैयार करने और पदोन्नति की उचित व्यवस्था लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई। उनका कहना है कि स्पष्ट सेवा नियमों और प्रमोशन पॉलिसी के अभाव में कर्मचारियों को अपने करियर और भविष्य को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों का समाधान अब तक नहीं हो पाया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कर्मचारी लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, तो उनके लिए सेवा नियम और पदोन्नति की व्यवस्था तय करने में इतनी देरी क्यों हो रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्मचारियों ने सरकार से अपील की कि नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों के नॉन-गजेटेड स्टाफ के लिए स्पष्ट सर्विस रूल्स बनाए जाएं और पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान होने से उन्हें अपने भविष्य को लेकर स्पष्टता मिलेगी और वे बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारियां निभा सकेंगे।
कर्मचारियों ने संबंधित विभाग से मांग की कि सात वर्षों से अधिक समय से लंबित मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाए और इनके समाधान के लिए निश्चित समयसीमा तय की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

