home page

एयरवां में पर्यटन को नई उड़ान-विधायक ने 1.25 करोड़ के गेस्ट हाउस निर्माण का शिलान्यास

 | 
एयरवां में पर्यटन को नई उड़ान-विधायक ने 1.25 करोड़ के गेस्ट हाउस निर्माण का शिलान्यास


कठुआ, 24 जून (हि.स.)। कठुआ विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक तीर्थ स्थल एयरवां में पर्यटन सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। विधायक डॉ. भारत भूषण ने अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त कठुआ सुरिंदर मोहन शर्मा और पूर्व डीडीसी उपाध्यक्ष रघुनंदन सिंह बबलू के साथ मिलकर एयरवां शिव मंदिर परिसर में 1.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पर्यटन गेस्ट हाउस सह डॉर्मिटरी का शिलान्यास किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. भारत भूषण ने कहा कि एयरवां शिव मंदिर अत्यंत प्राचीन एवं आस्था का प्रमुख केंद्र है जिसे “दूसरा हरिद्वार” भी कहा जाता है। यहां साल भर लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं और पवित्र बावलियों में स्नान करने के साथ अपने परिजनों की अस्थियां विसर्जित करते हैं। उन्होंने कहा कि गेस्ट हाउस सह डॉर्मिटरी के निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

एयरवां मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. हरि दत्त शिशु ने इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को मंजूरी देने के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस सुविधा की लंबे समय से आवश्यकता थी। इसके बाद विधायक ने माता बाला सुंदरी नगरी परोल मंदिर का भी दौरा किया जहां पिछले महीने 1.25 करोड़ रुपये की लागत से गेस्ट हाउस सह डॉर्मिटरी के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई थी।

उन्होंने कहा कि इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद नगरी बाला सुंदरी और एयरवां शिव मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध होगी जिससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर बीडीओ नगरी प्रदीप सिंह, तहसीलदार नगरी आना जम्वाल, मंडल अध्यक्ष रवि एंडोत्रा, डॉ. बंधना, आरोग्य हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर एयरवां की मेडिकल ऑफिसर, पूर्व नगर समिति नगरी परोल अध्यक्ष अनिल सिंह, एयरवां मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. हरि दत्त शिशु सहित कई गणमान्य व्यक्ति, भाजपा नेता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया