कठुआ में जागरूकता की नई पहल, प्रतियोगिताओं के जरिए छात्रों को सामाजिक मुद्दों से जोड़ा
कठुआ, 09 अप्रैल (हि.स.)। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय बहु-थीम जागरूकता कार्यक्रम के दूसरे दिन जीएचएसएस गर्ल्स कठुआ में पेंटिंग, क्विज और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें जिले भर के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी कठुआ केवल कृष्ण ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, यातायात जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर आधारित गतिविधियों का उद्देश्य छात्रों को इन महत्वपूर्ण मुद्दों के प्रति जागरूक करना और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि स्कूली आयु में बच्चे सही और गलत के अंतर को समझकर जिम्मेदार नागरिक बन सकते हैं। कार्यक्रम का आयोजन जीएचएसएस गर्ल्स कठुआ की प्राचार्य जतिंदर सेठी के निर्देशन में हुआ जिसमें डीईपीओ अंजना मन्याल भी उपस्थित रहीं। तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत करियर काउंसलिंग, मानसिक स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण पर व्याख्यान भी आयोजित किए जा रहे हैं। 10 अप्रैल को जीएचएसएस बॉयज कठुआ में जागरूकता व्याख्यान और रैली आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

