home page

एनसीबी ने जम्मू कस्टडी से भागे ड्रग्स मामले के आरोपी को फिर से गिरफ़्तार किया

 | 

जम्मू, 10 सितंबर (हि.स.)।

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और पंजाब पुलिस के साथ मिलकर ड्रग्स तस्करी के एक आरोपी को गिरफ़्तार किया है जो जम्मू में एनसीबी की कस्टडी से भाग गया था।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी जम्मू से भागकर पठानकोट के रास्ते जालंधर की ओर गया था। बताया जा रहा है कि उसने नरवाल फ्रूट मंडी के पास एक जंगली इलाके में पनाह ली थी और अपनी दाढ़ी मुंडवाकर व कपड़े बदलकर अपना हुलिया बदल लिया था।

अधिकारी ने बताया कि जम्मू-कश्मीर और पंजाब में तीन दिन तक चले तलाशी और ट्रैकिंग ऑपरेशन के बाद एनसीबी जम्मू, एनसीबी अमृतसर, एनसीबी चंडीगढ़ और पंजाब पुलिस की एक संयुक्त टीम ने उसे जालंधर में ढूंढ निकाला और गिरफ़्तार कर लिया। उसकी पहचान आकिब बशीर के तौर पर हुई है।

अधिकारी ने कहा कि गिरफ़्तारी के समय आरोपी दिल्ली या किसी अन्य राज्य की ओर जाने की तैयारी कर रहा था। उन्होंने कहा कि उसके भागने की परिस्थितियों का पता लगाने और उन लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच चल रही है जिन्होंने कथित तौर पर उसे पनाह दी और भागने में मदद की।

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह