home page

राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस मनाया गया, प्रशासनिक आंकड़ों के महत्व पर हुआ मंथन

 | 
राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस मनाया गया, प्रशासनिक आंकड़ों के महत्व पर हुआ मंथन


जम्मू, 29 जून (हि.स.)। गवर्नमेंट गांधी मेमोरियल (जीजीएम) साइंस कॉलेज जम्मू के सांख्यिकी विभाग द्वारा राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस उत्साह और बौद्धिक विमर्श के साथ मनाया गया। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रोमेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य सांख्यिकी के महत्व और प्रशासनिक आंकड़ों के प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

इस वर्ष का राष्ट्रीय विषय प्रशासनिक डेटा की क्षमता को अनलॉक करना रहा जो सुशासन और साक्ष्य आधारित नीति निर्माण में प्रशासनिक आंकड़ों की भूमिका को रेखांकित करता है। कार्यक्रम का शुभारंभ औपचारिक सत्र के साथ हुआ जिसमें सांख्यिकी विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज गुप्ता ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस देश के महान सांख्यिकीविद् प्रो. पी. सी. महालनोबिस की जयंती के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष मनाया जाता है और इसका उद्देश्य समाज में सांख्यिकी के महत्व को रेखांकित करना है।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रोमेश कुमार गुप्ता ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासनिक आंकड़े सुशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आंकड़ों का व्यवस्थित संग्रह, विश्लेषण और उपयोग सार्वजनिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी सहायक सिद्ध होता है। उन्होंने डेटा की गुणवत्ता, गोपनीयता और नैतिक उपयोग पर विशेष बल देते हुए विद्यार्थियों से आधुनिक तकनीकों और अंतर्विषयक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सांख्यिकी केवल एक शैक्षणिक विषय नहीं बल्कि राष्ट्रीय विकास, सुशासन और सामाजिक प्रगति का सशक्त माध्यम है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने प्रशासनिक आंकड़ों के प्रभावी उपयोग, नीति निर्माण, विकास कार्यक्रमों की निगरानी तथा सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में उनकी भूमिका पर सार्थक चर्चा की। कार्यक्रम में संकाय सदस्यों और स्नातक स्तर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया जिससे ज्ञान-विनिमय और बौद्धिक संवाद का उत्कृष्ट वातावरण बना। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा