खेलेगा भारत जीतेगा भारत के संदेश के साथ धूमधाम से मनाया राष्ट्रीय खेल दिवस
कठुआ, 30 अगस्त (हि.स.)। जिला कठुआ में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मुख्य कार्यक्रम स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ में हुआ जहां हॉकी, योग, नेटबॉल, क्रिकेट और स्केटिंग की ट्रायल-कम-चयन गतिविधियां आयोजित की गईं। विभिन्न स्कूलों में भी खेल एवं फिटनेस संबंधी कार्यक्रम हुए जिनमें विद्यार्थियों और खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मेजर ध्यानचंद के योगदान को याद किया और युवाओं से नियमित रूप से किसी न किसी खेल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और खेल भावना का विकास करते हैं। इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस का थीम ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ रखा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

