home page

मानसर झील में नेशनल पेंटर्स कैंप का शुभारंभ

 | 
मानसर झील में नेशनल पेंटर्स कैंप का शुभारंभ


जम्मू, 03 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय ललित कला अकादमी द्वारा आयोजित नेशनल पेंटर्स कैंप का आज जेकेटीडीसी टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स मानसर झील में भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आईएएफए के अध्यक्ष राजिंदर मोहन सिंह छिन्ना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि डॉ. पी एस ग्रोवर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। तीन दिवसीय इस कला शिविर का आयोजन दिवंगत डॉ. बलदेव गंभीर की स्मृति में किया जा रहा है जो आईएएफए के आजीवन सदस्य रहे और ललित कला अकादमी सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित थे।

इस कैंप में देश के विभिन्न हिस्सों से 11 वरिष्ठ और प्रतिष्ठित कलाकार भाग ले रहे हैं जिनमें जंग एस वर्मन, गगन गंभीर, वरिंदर पाल सिंह, धरमिंदर शर्मा, सुखपाल सिंह, रविंदर ढिल्लों, नरिंदर सिंह, के एस गिल, अतुल मेहरा, अजीत सिंह जब्बल और ओ पी शर्मा शामिल हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान डॉ. बलदेव गंभीर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके कला क्षेत्र में योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने उन्हें एक महान कलाकार और विनम्र व्यक्तित्व के रूप में याद किया।

इस मौके पर सभी प्रतिभागी कलाकारों को सम्मानित भी किया गया। कैंप के दौरान सभी कलाकार डॉ. बलदेव गंभीर की स्मृति में एक-एक कला कृति तैयार करेंगे जो उन्हें श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित की जाएगी। यह कला शिविर क्षेत्र में कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ कलाकारों के बीच रचनात्मक आदान-प्रदान का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा