राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले कबड्डी खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित
जम्मू, 12 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रमाणपत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लड़कों और लड़कियों के सब-जूनियर, जूनियर तथा सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में पीओएसएच (कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम) की चेयरपर्सन रमेश्वरी शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर एसोसिएशन के महासचिव डॉ. कुलदीप कुमार गुप्ता, पूर्व महासचिव सुरिंदर मोहन, कोषाध्यक्ष अनिल मोदी, तकनीकी निदेशक एसएस गिल, कबड्डी स्टेडियम के प्रबंधक अजय गुप्ता, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी राकेश कुमार, जिला उधमपुर के चेयरमैन अशोक कुमार सहित कोच और अन्य खिलाड़ी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि ने सम्मानित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उन्हें नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। डॉ. कुलदीप कुमार गुप्ता ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को कबड्डी के प्रति प्रोत्साहित करने और जम्मू-कश्मीर में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में मददगार हैं
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

