home page

एमएसई ने इक्विटी सेगमेंट के लिए मार्केट मेकर्स की नियुक्ति पूरी की

 | 

जम्मू, 01 अप्रैल (हि.स.)। मेट्रोपॉलिटन स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एमएसई) ने अपने इक्विटी सेगमेंट के लिए मार्केट मेकर्स की नियुक्ति सफलतापूर्वक पूरी करने की घोषणा की है। इस महत्वपूर्ण कदम से बाजार में गहराई बढ़ने, कीमतों की सही खोज (प्राइस डिस्कवरी) को मजबूती मिलने और निवेशकों के लिए ट्रेडिंग अनुभव बेहतर होने की उम्मीद है। एमएसई ने बताया कि 1 अप्रैल 2026 से एक्सचेंज में तरलता (लिक्विडिटी) बढ़ाने के लिए विशेष उपाय लागू किए जाएंगे। यह पहल बाजार में भागीदारी को बढ़ाने और ट्रेडिंग इकोसिस्टम को अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

एक्सचेंज के अनुसार, यह कदम पारदर्शी, कुशल और प्रतिस्पर्धी बाजार व्यवस्था सुनिश्चित करने की उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। एमएसई देश का सबसे युवा स्टॉक एक्सचेंज है, जिसे भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) से इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स और डेट सेगमेंट में संचालन की मान्यता प्राप्त है। एमएसई ने विभिन्न एसेट क्लास में नवाचार आधारित उत्पाद विकसित करने और देशभर में साझेदारी के माध्यम से निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिससे व्यापक स्तर पर निवेश संस्कृति को प्रोत्साहन मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा