home page

क्लस्टर यूनिवर्सिटी और भारतीय योग संस्थान के बीच एमओयू

 | 
क्लस्टर यूनिवर्सिटी और भारतीय योग संस्थान के बीच एमओयू


जम्मू, 14 अक्टूबर (हि.स.)। क्लस्टर यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू ने विद्यार्थियों और कर्मचारियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के लिए भारतीय योग संस्थान, जम्मू के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते पर विश्वविद्यालय की ओर से रजिस्ट्रार अंकुर महाजन (जेकेएएस) और भारतीय योग संस्थान की ओर से अध्यक्ष सतपाल शर्मा ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.एस. चंद्रशेखर, भारतीय योग संस्थान के महासचिव जिया लाल शर्मा और परीक्षा नियंत्रक प्रो. रणविजय सिंह मौजूद रहे।

समझौते के तहत विश्वविद्यालय परिसर में योग प्रशिक्षण सत्र, कार्यशालाएं, व्याख्यान, प्रदर्शन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें शारीरिक फिटनेस, तनाव प्रबंधन, एकाग्रता और समग्र स्वास्थ्य पर ध्यान दिया जाएगा। भारतीय योग संस्थान आवश्यकतानुसार योग्य प्रशिक्षक उपलब्ध करवाएगा जबकि विश्वविद्यालय कार्यक्रमों के आयोजन और समन्वय में सहयोग करेगा। दोनों संस्थान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सहित विभिन्न अवसरों पर संयुक्त गतिविधियां भी आयोजित करेंगे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों और कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास के साथ परिसर में स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा देना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा