चिकित्सा शिविर में 600 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ
जम्मू, 25 जुलाई (हि.स.)। दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय सेना ने ब्लॉक मेडिकल प्रशासन कांडी के सहयोग से मंडिरगला स्थित सकरी मंदिर परिसर में एक निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम ने स्थानीय लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, चिकित्सीय परामर्श दिया और आवश्यक दवाएं नि:शुल्क वितरित कीं।
चिकित्सा शिविर में आसपास के कई गांवों के लोगों ने भाग लिया। महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों सहित करीब 600 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान विभिन्न सामान्य बीमारियों की जांच की गई तथा मरीजों को आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी दी गई। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उपयोगी प्रयास बताया। यह शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ सेना और स्थानीय समुदाय के बीच सहयोग एवं विश्वास को भी मजबूत करने का माध्यम बना।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

