home page

जल शक्ति विभाग में नए डिवीजन बनने पर विधायकों ने जताया आभार, दूरदराज इलाकों को मिलेगा बड़ा लाभ

 | 
जल शक्ति विभाग में नए डिवीजन बनने पर विधायकों ने जताया आभार, दूरदराज इलाकों को मिलेगा बड़ा लाभ


श्रीनगर, 14 मई (हि.स.)। जल शक्ति विभाग में हाल ही में हुए कैडर रिव्यू और पुनर्गठन के तहत नए डिवीजन व सब-डिवीजन बनाए जाने के फैसले पर विधायकों नजीर अहमद खान और जाविद हसन बेग ने मंत्री जावेद अहमद राणा का आभार व्यक्त किया। दोनों विधायक सिविल सचिवालय में मंत्री से मिले और इस निर्णय को जनहित में बड़ा कदम बताया।

विधायकों ने कहा कि यह फैसला दूरदराज और पिछड़े इलाकों में रहने वाले लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करता है। इससे न केवल प्रशासनिक पहुंच मजबूत होगी, बल्कि जल आपूर्ति प्रबंधन में सुधार आएगा और लोगों को अपने काम के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। उन्होंने बताया कि पहले लोगों को विभागीय कार्यों और शिकायतों के समाधान के लिए काफी दूर जाना पड़ता था जिससे उन्हें काफी असुविधा होती थी। नए डिवीजन बनने से जल जीवन मिशन समेत अन्य जल परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।

उल्लेखनीय है कि कैबिनेट ने जल शक्ति विभाग में छह नए डिवीजन बनाने को मंजूरी दी है जिनमें गंदोह, गुरेज और तंगधार में हाइड्रोलिक डिवीजन मेंढर में पीएचई डिवीजन तथा जम्मू और श्रीनगर में दो वाटर क्वालिटी और मॉनिटरिंग डिवीजन शामिल हैं। विधायकों ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार की सराहना करते हुए कहा कि सरकार संतुलित क्षेत्रीय विकास पर लगातार ध्यान दे रही है और दूरदराज के क्षेत्रों तक प्रशासनिक सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर मंत्री जावेद अहमद राणा ने कहा कि सरकार सभी क्षेत्रों में समान विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है खासकर पिछड़े और दूरस्थ इलाकों में आवश्यक सुविधाएं लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे जनता की वास्तविक समस्याओं को सामने लाएं और विकास योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया