कॉलेज रोड के मैकडमाइजेशन कार्य का विधायक डॉ. भारत भूषण ने किया शुभारंभ
कठुआ, 04 नवंबर (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने कॉलेज रोड पर 40 लाख रुपये की लागत से होने वाले मैकडमाइजेशन कार्य का शुभारंभ किया। इस कार्य के पूरा होने से कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, स्थानीय निवासियों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक डॉ. भारत भूषण ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, विशेषकर सड़क संपर्क व्यवस्था में सुधार करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि कठुआ विधानसभा क्षेत्र के सभी इलाकों का संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए।
विधायक ने बताया कि कॉलेज रोड के अलावा ड्रीमलैंड पार्क रोड का मैकडमाइजेशन कार्य भी 40 लाख रुपये की अनुमानित लागत से करवाया जा रहा है। दोनों सड़कों पर कुल 80 लाख रुपये खर्च होंगे। इन कार्यों से कॉलेज के विद्यार्थियों, सुबह सैर करने वालों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

