home page

विधायक भारत भूषण ने विकास कार्यों के लिए जारी किए 1.60 करोड़

 | 
विधायक भारत भूषण ने विकास कार्यों के लिए जारी किए 1.60 करोड़


कठुआ, 18 सितंबर (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए शुक्रवार को कॉन्स्टीट्यूएंसी डेवलपमेंट फंड से 1.60 करोड़ रुपये की राशि जारी की। इस राशि से क्षेत्र में 36 नए विकास कार्य करवाए जाएंगे।

विधायक ने बताया कि इससे पहले सीडीएफ के तहत 58 कार्यों के लिए 2.56 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। मौजूदा वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 94 विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें गलियों, नालियों, सुरक्षा दीवारों, पुलियों, सड़कों, सामुदायिक भवनों, बोरवेल तथा पीएमएवाई की तर्ज पर जरूरतमंद आवासहीन परिवारों को सहायता सहित अन्य कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। इस चरण में नगरी-पारोल और कीरियां गंड्याल ब्लॉकों के ग्रामीण क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया गया है ताकि लोगों की मूलभूत जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा सके। बाद में विधायक ने सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल नगरी-परोल में हड़ताल कर रहे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारियों से मुलाकात की। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को सुना और उनकी जायज मांगों को सरकार के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया