पुंछ में बाढ़ राहत और ट्रैफिक व्यवस्था पर मंत्री राणा सख्त
जम्मू, 28 अप्रैल (हि.स.)। जल शक्ति, वन, पर्यावरण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने पुंछ जिले में बाढ़ राहत कार्यों, ट्रैफिक प्रबंधन और विकास योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में डिप्टी कमिश्नर पुंछ अशोक शर्मा समेत कई अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।
मंत्री ने कलाबन, सरहूती और संगियोट में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राहत कार्यों में देरी पर नाराजगी जताते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर प्रभावित परिवार तक राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। दीर्घकालिक समाधान पर जोर देते हुए राणा ने मिट्टी संरक्षण, ढलान स्थिरीकरण, जल निकासी सुधार और पौधारोपण जैसे कार्यों को वन विभाग के साथ मिलकर करने को कहा।
मेंढर और अन्य क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम पर सख्ती दिखाते हुए उन्होंने गलत पार्किंग और भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के निर्देश दिए ताकि स्कूल बसों और एंबुलेंस जैसी सेवाओं में बाधा न आए। साथ ही मंत्री ने एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल के निर्माण कार्य जल्द पूरा करने और छात्रों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

