सुरनकोट में मंत्री जावेद राणा ने कुवैत हादसे के पीड़ित परिवारों से जताई संवेदना
सुरनकोट, 12 अप्रैल (हि.स.)। जल शक्ति, वन पर्यावरण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने रविवार सुरनकोट के बछैयांवाली गांव का दौरा कर कुवैत में हुए हादसे में जान गंवाने वाले चार लोगों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
मंत्री ने शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस दुख की घड़ी में हिम्मत देने की प्रार्थना की। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार इस कठिन समय में पूरी तरह उनके साथ खड़ी है। राणा ने विदेश मंत्रालय से मृतकों के पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाने की प्रक्रिया तेज करने की अपील की, ताकि परिवार अपने प्रियजनों का अंतिम संस्कार सम्मानपूर्वक अपने पैतृक स्थान पर कर सकें। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस मामले को संबंधित अधिकारियों के साथ उठाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। साथ ही प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता और राहत उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

