रावी में खनन विभाग का बड़ा एक्शन, अवैध खनन में लिप्त 9 वाहन जब्त
कठुआ, 25 मार्च (हि.स.)। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जिला खनन अधिकारी कठुआ वरिंदर सिंह के नेतृत्व में खनन विभाग की टीम और नायब तहसीलदार ने बुधवार को गंड्याल क्षेत्र में रावी नदी के किनारे विशेष जांच नाका लगाया।
इस कार्रवाई के दौरान अवैध खनन और खनिजों के परिवहन में लिप्त 9 वाहनों (टिप्परों) को जब्त किया गया। सभी जब्त वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस पोस्ट के हवाले कर दिया गया है। जिला खनन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए सभी स्टोन क्रशर संचालकों को चेतावनी दी कि वे अवैध गतिविधियों से दूर रहें और केवल वैध तरीके से ही कार्य करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा और निदेशक भूविज्ञान एवं खनन विभाग जम्मू-कश्मीर एसपी रुकवाल के निर्देशों के तहत की गई ताकि संबंधित नियमों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

