जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना
श्रीनगर, 09 मार्च (हि.स.)। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के लिए मौसम पूर्वानुमान जारी किया है जिसमें 9 मार्च को आसमान में बादल छाए रहने और ऊंचे इलाकों में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
पूर्वानुमान के अनुसार 10-11 मार्च को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होगी। कुपवाड़ा, बांदीपोरा, गांदरबल, अनंतनाग और किश्तवाड के ऊंचे इलाकों में मध्यम बर्फबारी की संभावना है। इन जिलों के ऊंचे इलाकों और महत्वपूर्ण दर्रों पर अस्थायी यातायात बाधित होने की संभावना है।
किसानों को 10 से 12 मार्च के दौरान कृषि कार्य स्थगित करने की सलाह दी जाती है। क्षेत्र में 9 मार्च के बाद दिन के तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है जबकि 12 से 15 मार्च के दौरान मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। 9 से 11 मार्च के दौरान गरज और तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटा) चलने की भी संभावना है। 16 से 18 मार्च के बीच मौसम में आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है, साथ ही कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

