महिलाओं के सशक्तिकरण का संदेश-हीरानगर और बनी में वॉकथॉन व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कठुआ/हीरानगर/बनी, 03 मार्च (हि.स.)। हीरानगर और बनी में महिला सप्ताह के तहत वॉकथॉन एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा, नेतृत्व और समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
हीरानगर में आयोजित वॉकथॉन बस स्टैंड से शुरू होकर बीडीओ कार्यालय परिसर तक निकाली गई। रैली में विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं, छात्राओं व स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने महिला अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसरों से जुड़े संदेशों वाले पोस्टर लेकर जन-जागरूकता फैलाई।
कार्यक्रम में महिला कानूनों, साइबर सुरक्षा और डिजिटल सतर्कता पर विशेष जानकारी दी गई। अधिकारियों ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इसी प्रकार बनी में एसडीएम कार्यालय से वॉकथॉन निकाली गई जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूल छात्राओं और महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य 2 से 8 मार्च तक आयोजित महिला सप्ताह की गतिविधियों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का संदेश हर गांव और घर तक पहुंचाना रहा। अधिकारियों ने अपने संबोधन में समाज में महिलाओं की नेतृत्व भूमिका, कानूनी शिक्षा और शोषण के विरुद्ध जागरूकता पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” जैसे नारों के साथ महिलाओं को सप्ताह भर की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया गया। दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों ने महिलाओं में आत्मविश्वास, अधिकारों की समझ और सामूहिक भागीदारी की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

