बसोहली उत्सव में गूंजा जल संरक्षण का संदेश, नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक
कठुआ, 20 अक्टूबर (हि.स.)। बसोहली उत्सव-2026 में जल संरक्षण और पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए जल जीवन मिशन जम्मू-कश्मीर ने जम्मू की नटरंग संस्था के सहयोग से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। जम्मू-कश्मीर कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों को जल स्रोतों की सुरक्षा और स्वच्छता का संदेश दिया गया।
जल उत्सव के तहत प्रस्तुत नाटक में पानी की बर्बादी, प्रदूषण और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण की आवश्यकता को उजागर किया गया। कलाकारों ने बताया कि जल सुरक्षा के लिए केवल जलापूर्ति व्यवस्था पर्याप्त नहीं बल्कि वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों की सुरक्षा और सामुदायिक भागीदारी भी जरूरी है।
19 से 21 अक्टूबर तक आयोजित बसोहली उत्सव में क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कलाओं, लोक प्रस्तुतियों और पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्सव स्थल पर डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से जल जीवन मिशन की उपलब्धियों और जल संरक्षण संबंधी संदेशों का भी प्रचार किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

