home page

जीजीएम साइंस कॉलेज में प्लॉगाथॉन और तिरंगा रैली से गूंजा देशभक्ति का संदेश

 | 
जीजीएम साइंस कॉलेज में प्लॉगाथॉन और तिरंगा रैली से गूंजा देशभक्ति का संदेश


जम्मू, 11 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सप्ताहभर की गतिविधियों के तहत जीजीएम साइंस कॉलेज जम्मू के एनएसएस यूनिट्स और एनसीसी कैडेट्स ने संयुक्त रूप से कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में प्लॉगाथॉन का आयोजन किया। स्वच्छता और फिटनेस को जोड़ते हुए आयोजित इस अभियान में एनएसएस स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स, विद्यार्थियों और कॉलेज स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने पैदल चलते और जॉगिंग करते हुए रास्ते में पड़े कचरे को एकत्र किया तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रोमेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। प्लॉगाथॉन का समन्वय एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. शालिनी शर्मा और डॉ. अमित बाली तथा एनसीसी एएनओ डॉ. देविंदर कुमार शर्मा ने किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता के मूल्यों को अपनाने की शपथ ली।

कॉलेज में ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर एक विशाल तिरंगा रैली भी निकाली गई। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रोमेश कुमार गुप्ता ने कॉलेज परिसर से रैली को रवाना किया जो जेकेसीए मैदान में संपन्न हुई। रैली में 500 से अधिक विद्यार्थियों के साथ एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’ और ‘तिरंगा है शान हमारी’ जैसे देशभक्ति के नारे लगाए। कॉलेज के मुख्य द्वार पर विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन भी किया।

रैली के दौरान ‘एक देश, एक तिरंगा, एक झंडा’ और ‘150 साल वन्दे मातरम के’ जैसे संदेशों वाले बैनर प्रदर्शित किए गए। इस अवसर पर प्राचार्य ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा रैली के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र के लिए किए गए बलिदानों को याद करने और एकता व देशभक्ति की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। रैली का समापन राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की शपथ के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा