हीरानगर स्कूल में मेधावी छात्रों का सम्मान, 83 विद्यार्थियों को मिला अवॉर्ड
कठुआ, 28 अप्रैल (हि.स.)। सरकारी माॅडल हायर सैकंडरी स्कूल हीरानगर में मंगलवार को 10वीं और 12वीं कक्षा के टॉपर्स के लिए एक भव्य अकादमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य शिक्षा अधिकारी केवल कृष्ण कनैथिया ने की।
समारोह में 12वीं कक्षा के 83 डिस्टिंक्शन होल्डर और 10वीं के 6 मेधावी छात्रों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने जेके यूटी में 8वां स्थान प्राप्त करने वाले छात्र कुशल शर्मा के अभिभावकों की विशेष सराहना की। इस दौरान वरिष्ठ व्याख्याता डी पी अंग्राल ने हिंदी विषय में 90 से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 29 छात्रों को अपनी ओर से 100-100 रुपये नकद पुरस्कार दिए। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने अपने संबोधन में छात्रों को मेहनत और लगन से ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया तथा नशे से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने 100 दिवसीय “नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान” के बारे में भी जागरूक किया। कार्यक्रम में स्कूल प्रभारी सुरिंदर कुमार भगत ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि प्राचार्य मदन लाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। मंच संचालन जगतार सिंह जमवाल ने किया। समारोह में विद्यालय के कई शिक्षक, अभिभावक और छात्र उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

