home page

नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए जिले की कई प्रमुख सड़कों पर सुबह 4 बजे से दोपहर 3 बजे तक वाहनों का आवागमन रहेगा निलंबित

 | 

गांदरबल, 04 जून (हि.स.)। ग्रामीण कश्मीर यातायात पुलिस ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 5 जून को गांदरबल शहर में होने वाली एक विशाल पदयात्रा से पहले विस्तृत सूचना जारी की है। सूचना के अनुसार नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिले की कई प्रमुख सड़कों पर सुबह 4 बजे से दोपहर 3 बजे तक वाहनों का आवागमन निलंबित रहेगा।

प्रभावित सड़कों में पांडाच क्रॉसिंग-वायिल-मनीगम क्रॉसिंग, बीहामा चौक-बारसू क्रॉसिंग और टी-चौक-गदूरा शामिल हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए अधिकारियों ने वैकल्पिक मार्गों और मार्ग परिवर्तन की घोषणा की है। लद्दाख, सोनमर्ग और कंगन से श्रीनगर की ओर जाने वाले वाहनों को वायिल-मनीगम क्रॉसिंग पर शादिपोरा और शाल्टेंग होते हुए डायवर्ट किया जाएगा। विपरीत दिशा में जाने वाले वाहनों के लिए भी यही मार्ग लागू होगा।

इसी प्रकार गुटलीबाग से श्रीनगर की ओर जाने वाले वाहनों को वायिल-मनीगम क्रॉसिंग, शादिपोरा और शाल्टेंग होते हुए डायवर्ट किया जाएगा। लार और तुलमुल्ला से आने वाले वाहनों को श्रीनगर की ओर जाने से पहले डांगरपोरा, बारसू क्रॉसिंग, शादिपोरा और शाल्टेंग होते हुए डायवर्ट किया जाएगा।

वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय के दौरान गांदरबल शहर से अनावश्यक यात्रा से बचें और सुचारू यातायात प्रवाह और जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डायवर्जन योजना का सख्ती से पालन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता