home page

मेगा एंटी-ड्रग जागरूकता रैली, नशा मुक्त समाज का लिया संकल्प

 | 
मेगा एंटी-ड्रग जागरूकता रैली, नशा मुक्त समाज का लिया संकल्प


जम्मू, 26 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर शुक्रवार को आर.एस. पुरा उपमंडल प्रशासन ने 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत मेगा एंटी-ड्रग जागरूकता रैली का आयोजन किया। रैली में विद्यार्थियों, युवाओं, सरकारी अधिकारियों, सामाजिक संगठनों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया।

एसडीएम आर.एस. पुरा अनुराधा ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस रैली को सुबह 10 बजे मीरां साहिब स्थित फ्लाईओवर रिंग रोड चौक से सुचेतगढ़ के विधायक प्रो. घरू राम तथा बिश्नाह के विधायक डॉ. राजीव भगत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। से नो टू ड्रग्स, चूज़ लाइफ जैसे नारों और जागरूकता संदेशों वाले बैनर-पोस्टर लेकर प्रतिभागी मीरां साहिब बाजार और मरालियां चौक से होते हुए डाक बंगला, मरालियां पहुंचे।

रैली में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों, युवा क्लबों, स्वयंसेवी संगठनों, पंचायत प्रतिनिधियों, सरकारी कर्मचारियों तथा आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से बचने और स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। रैली के समापन पर डाक बंगला, मरालियां में जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञों ने नशे के सामाजिक, मानसिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर जानकारी दी।

इसके अलावा सूचना एवं शिक्षा स्टॉल लगाए गए, प्रतिभागियों को नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई गई तथा जागरूकता संबंधी सूचना सामग्री का वितरण किया गया।

इस अवसर पर एसडीएम अनुराधा ठाकुर ने कहा कि नशाखोरी आज समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुकी है जिससे निपटने के लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से मिलकर नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की अपील की। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नशा मुक्त समाज के निर्माण और युवा पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य के लिए सक्रिय सहयोग देने की सामूहिक शपथ के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा