home page

मासिक प्रशिक्षण भत्ता बढ़ाने की मांग को लेकर एमबीबीएस इंटर्न्स का हल्ला बोल, 12 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने की मांग

 | 
मासिक प्रशिक्षण भत्ता बढ़ाने की मांग को लेकर एमबीबीएस इंटर्न्स का हल्ला बोल, 12 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने की मांग


कठुआ, 31 अगस्त (हि.स.)। मासिक प्रशिक्षण भत्ता बढ़ाने की मांग को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज कठुआ के एमबीबीएस इंटर्न्स ने सोमवार को परिसर में प्रदर्शन कर अपनी मांग को लेकर आवाज बुलंद की। इंटर्न्स ने वर्तमान में मिल रहे करीब 12 हजार रुपये प्रशिक्षण भत्ते को बढ़ाकर कम से कम 30 हजार रुपये किए जाने की मांग की।

प्रदर्शनकारी इंटर्न्स ने कहा कि अस्पताल में किसी भी मरीज के इमरजेंसी में पहुंचने पर सबसे पहले मरीजों का सामना और प्रारंभिक स्तर पर देखभाल करने वालों में इंटर्न्स शामिल होते हैं। ऑपरेशन थिएटर, वार्ड और इमरजेंसी सहित विभिन्न विभागों में वे कई बार 12 से 24 घंटे तक ड्यूटी निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें मिलने वाला भत्ता वर्तमान महंगाई के हिसाब से बेहद कम है। इंटर्न्स ने बताया कि भत्ता बढ़ाने की मांग वे पिछले कई वर्षों से उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू के समक्ष भी यह मुद्दा रखा गया था। मंत्री की ओर से बताया गया था कि संबंधित फाइल वित्त विभाग के पास है लेकिन इंटर्न्स का आरोप है कि पिछले करीब तीन वर्षों से वित्त विभाग की ओर से इस मामले में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

इंटर्न्स ने कहा कि प्रशिक्षण भत्ता में बढ़ोतरी की मांग को लेकर जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जीएमसी में भी इंटर्न्स प्रदर्शन और हड़ताल कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि बढ़ती महंगाई और उनकी कार्य जिम्मेदारियों को देखते हुए मासिक प्रशिक्षण भत्ता को तत्काल बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एमबीबीएस इंटर्न्स अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और मरीजों की सेवा में लंबे समय तक ड्यूटी देने के बावजूद उन्हें पर्याप्त आर्थिक सहायता नहीं मिल रही है। उन्होंने सरकार से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर उनकी मांग को पूरा करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया