पासगाल गांव में एक घर में लगी भीषण आग
| May 16, 2026, 12:41 IST
जम्मू,, 16 मई (हि.स.)।
बिश्नाह विधानसभा क्षेत्र के पासगाल गांव में दर्शना देवी पत्नी स्वर्गीय सतपाल के घर में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग इतनी तेज थी कि घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर का अधिकांश सामान आग की भेंट चढ़ चुका था। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
स्थानीय लोगों और परिवार के सदस्यों ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि प्रभावित परिवार को राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए ताकि उन्हें इस मुश्किल समय में सहारा मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

