अपडेट :जम्मू रेलवे स्टेशन के सामने शिव मार्केट में भीषण आग के बाद तबाही का मंजर
जम्मू, 26 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू रेलवे स्टेशन के सामने स्थित शिव मार्केट में लगी भीषण आग के अगले दिन सोमवार को पूरे बाजार में तबाही का मंजर देखने को मिला। जली हुई दुकानों, बिखरे सामान और राख के ढेर के बीच खड़े दुकानदार अपनी वर्षों की मेहनत को बर्बाद होता देखकर सदमे में नजर आए।
दुकानदारों के अनुसार, शिव मार्केट में करीब 50 दुकानें और खोखे मौजूद थे, जिनमें ड्राई फ्रूट, कपड़े, कॉस्मेटिक, चूड़ियां और अन्य सामान बेचा जाता था। आग से बाजार में भारी नुकसान हुआ है।
कई दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने वर्षों की मेहनत से अपना कारोबार खड़ा किया था, लेकिन आग ने कुछ ही घंटों में सब कुछ तबाह कर दिया। अब उनके सामने परिवार का पालन-पोषण करने और दोबारा कारोबार शुरू करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
दुकानदारों का कहना है कि त्योहार के सीजन को देखते हुए उन्होंने दुकानों में बड़ी मात्रा में सामान जमा कर रखा था। उन्हें अच्छी बिक्री की उम्मीद थी, लेकिन अचानक लगी आग ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।आग की इस घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल नुकसान की कुल राशि और आग लगने के कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

