home page

जम्मू रेलवे स्टेशन पर अमरनाथ यात्रियों के लिए विशाल भंडारा दूसरे दिन भी जारी

 | 
जम्मू रेलवे स्टेशन पर अमरनाथ यात्रियों के लिए विशाल भंडारा दूसरे दिन भी जारी


जम्मू, 03 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय धर्म प्रचार सेवा समिति द्वारा श्री अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जम्मू रेलवे स्टेशन पर आयोजित 10वां विशाल भंडारा शुक्रवार को दूसरे दिन भी श्रद्धा और सेवा भाव के साथ जारी रहा। संतों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार और जयघोष के साथ भगवान को भोग अर्पित कर प्रतिदिन भंडारे का शुभारंभ किया जा रहा है। भंडारे में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, बिहार, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए अमरनाथ यात्रियों ने प्रसाद ग्रहण किया।

शुक्रवार के भंडारे का शुभारंभ श्री श्री महंत 108 नरेंद्र दास जी महाराज, सिद्धपीठ हनुमान खाटूश्याम धाम ने अखिल भारतीय धर्म प्रचार सेवा समिति के राष्ट्रीय संयोजक सुनील शर्मा की उपस्थिति में किया।

समिति के राष्ट्रीय संयोजक सुनील शर्मा ने बताया कि गुरु कृपा से ही सभी सेवा कार्य संभव हो पाते हैं और गुरु-शिष्य परंपरा ही सनातन संस्कृति की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि समिति पिछले कई वर्षों से रेलवे स्टेशन पर अमरनाथ यात्रियों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन कर रही है। यात्रियों को सात्विक, पौष्टिक एवं ऊर्जावान भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है तथा उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए भोजन में सीमित और संतुलित मसालों का उपयोग किया जाता है। उन्होंने बताया कि समिति के सेवादार पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों की सेवा कर रहे हैं। भोजन के साथ-साथ वरिष्ठ सेवादार यात्रियों को अमरनाथ यात्रा से संबंधित आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन भी उपलब्ध करा रहे हैं।

सुनील शर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय धर्म प्रचार सेवा समिति समाज उत्थान, राष्ट्र सेवा और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियां संचालित करती है। इनमें सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, निःशुल्क श्रीमद्भगवद्गीता वितरण, गंगाजल वितरण, संत सम्मेलन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, रामनवमी सहित अन्य धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सनातन संस्कृति के प्रसार के प्रयास शामिल हैं। इस अवसर पर श्री श्री महंत 108 नरेंद्र दास जी महाराज ने कहा कि समिति का प्रमुख उद्देश्य अमरनाथ यात्रियों को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि समिति का प्रत्येक सेवादार गुरु कृपा से यात्रियों की सेवा के लिए समर्पित है और विपरीत परिस्थितियों में भी श्रद्धालुओं को हर संभव सहायता प्रदान करना अपना कर्तव्य मानता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा