home page

नगरोटा में “नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान” के तहत विशाल पद यात्रा निकाली गई

 | 

जम्मू,, 12 मई (हि.स.)।

“नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान” के तहत जम्मू के नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल जन-जागरूकता पद यात्रा का आयोजन किया गया। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को बाबा बल्लो जी देवस्थान मथवार के महंत बाबा यशपाल जी महाराज और मुख्य निर्वाचन अधिकारी जम्मू-कश्मीर संजीव वर्मा, आईएएस ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जंडियाल चौक से आरएमजी इंटरनेशनल स्कूल तक निकाली गई इस पद यात्रा में युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। “नशा छोड़ो–जीवन जोड़ो” और “युवा बचाओ–भविष्य बचाओ” जैसे नारों के साथ लोगों ने समाज को नशे के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महंत बाबा यशपाल जी महाराज ने कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं और यदि वे नशे की चपेट में आ जाएं तो समाज का भविष्य खतरे में पड़ जाता है। वहीं मुख्य अतिथि संजीव वर्मा ने कहा कि नशा आज सामाजिक और नैतिक चुनौती बन चुका है तथा इसे जनआंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम का नेतृत्व महंत रोहित शास्त्री ने किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ यह सिर्फ अभियान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों को बचाने का संकल्प है। पद यात्रा के दौरान विद्यार्थियों और युवाओं ने जागरूकता संदेशों के माध्यम से स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता