जेपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक ने फील्ड स्टाफ के लिए सुरक्षा उपकरण ले जाने वाले वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
जम्मू, 11 सितंबर (हि.स.)।
फील्ड कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जम्मू पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक गुरपाल सिंह ने आज जेपीडीसीएल के 18 डिवीजनों (6 सब-ट्रांसमिशन डिवीजन और 12 इलेक्ट्रिक डिवीजन) के फील्ड स्टाफ के बीच वितरण के लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरण ले जाने वाले वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वाहनों को मुख्य अभियंता (वितरण) इंजीनियर अरशद हुसैन रेशी, मुख्य अभियंता (योजना एवं खरीद) इंजीनियर विजय कुमार बलमोत्रा और जेपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक के तकनीकी अधिकारी इंजीनियर अनिल वर्मा की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस पहल का उद्देश्य विद्युत रखरखाव, फॉल्ट रिस्टोरेशन और अन्य परिचालन गतिविधियों में लगे फील्ड कर्मियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण और गियर से लैस करना है ताकि वे अपने कर्तव्यों को सुरक्षित और कुशलतापूर्वक निभा सकें और रखरखाव गतिविधियों के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को कम कर सकें।
इस अवसर पर बोलते हुए प्रबंध निदेशक ने इस बात पर जोर दिया कि फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा जेपीडीसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और फील्ड कर्मचारियों को निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और उन्हें उपलब्ध कराए गए सुरक्षा उपकरणों जैसे हार्नेस/सेफ्टी बेल्ट और सेफ्टी ग्लव्स का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया।
प्रबंध निदेशक ने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया कि सुरक्षा उपकरण समय पर फील्ड कर्मचारियों तक पहुंचें और सभी स्तरों पर इनकी उपलब्धता और उचित उपयोग की नियमित निगरानी की जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

