जम्मू पुलिस पोस्ट पर बेहोश होकर गिरने के बाद एक व्यक्ति की मौत, परिवार ने किया विरोध प्रदर्शन
जम्मू, 9 सितंबर(हि.स.)। बुधवार सुबह आर.एस. पुरा सेक्टर में एक बॉर्डर पुलिस पोस्ट पर बेहोश होने के बाद 32 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मृतक उत्तम चंद जो रख गांव का रहने वाला था को संपत्ति के विवाद को लेकर एक महिला पड़ोसी की शिकायत के बाद चकरोई पुलिस पोस्ट बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि वह व्यक्ति बेहोश हो गया और बाद में उसे सुबह करीब 4 बजे आर.एस. पुरा के सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल ले जाया गया। सूत्रों ने बताया कि चंद को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज जम्मू रेफर किया गया था लेकिन अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर भेज दिया गया है। मौत के बाद मृतक के परिवार वालों और रिश्तेदारों ने विरोध प्रदर्शन किया और उस व्यक्ति की मौत की परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी और उचित कार्रवाई की मांग की।
सूत्रों ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं जबकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चकरोई और अस्पताल के मुर्दाघर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

