मलकित सिंह जमवाल बने मिनी बस ऑपरेटर यूनियन कठुआ के नए उप-प्रधान, सर्वसम्मति से हुआ चयन
कठुआ, 14 अप्रैल (हि.स.)। मिनी बस ऑपरेटर यूनियन कठुआ में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मलकित सिंह जमवाल को यूनियन का नया उप-प्रधान चुना गया। यह चयन यूनियन के सभी सदस्यों की सर्वसम्मति से हुआ, जो संगठन में एकता और आपसी विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।
यह फैसला चेयरमैन मोहिंद्र सिंह, प्रेसिडेंट सुरेश शर्मा और काली वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान लिया गया। बैठक में यूनियन के सभी सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और मलकित सिंह जमवाल के नाम पर सहमति जताई। नए उप-प्रधान के चयन के बाद आयोजित स्वागत समारोह में कार्यकर्ताओं और सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान मलकित सिंह जमवाल का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया गया।
अपने संबोधन में मलकित सिंह जमवाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे यूनियन की मजबूती और ऑपरेटरों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे सभी साथियों को साथ लेकर यूनियन के हित में फैसले लेंगे। यूनियन के पदाधिकारियों ने भी विश्वास जताया कि मलकित सिंह जमवाल के नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा ऑपरेटरों की आवाज को मजबूती मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

