home page

स्वच्छता को अभियान नहीं, जनभागीदारी की आदत बनाएं-एडीसी महिमा मदान

 | 
स्वच्छता को अभियान नहीं, जनभागीदारी की आदत बनाएं-एडीसी महिमा मदान


कठुआ, 26 सितंबर (हि.स.)। स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत जिला पंचायत कार्यालय कठुआ की ओर से शनिवार को एयरवां मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिकारियों व अन्य प्रतिभागियों ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की सफाई कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।

इस अवसर पर राजकीय हाई स्कूल एयरवां में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने भाषणों और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत का संदेश दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एडीसी कठुआ महिमा मदान ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक की निरंतर भागीदारी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से स्वच्छता को दैनिक आदत बनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से कचरा पृथक्करण एवं उचित निस्तारण का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया और स्रोत स्तर पर कचरे को अलग-अलग करने तथा चार प्रकार के डस्टबिन के उपयोग की जानकारी दी गई। समाज सेवा में योगदान के लिए सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया जबकि नुक्कड़ नाटक और भाषण प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता शपथ लेकर आसपास स्वच्छ रखने, कूड़ा न फैलाने और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस मौके पर एसीपी कठुआ अजीत कुमार, तहसीलदार मुख्यालय गंदीप कुमार, बीडीओ नगरी प्रदीप सिंह, बीडीओ मुख्यालय अशोक कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया