लखनपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई-30 मवेशी छुड़ाए, तस्करी में शामिल 2 वाहन जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
कठुआ, 15 मई (हि.स.)। कठुआ पुलिस ने लखनपुर क्षेत्र में दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए मवेशी तस्करी के प्रयासों को नाकाम कर दिया। इस दौरान कुल 30 मवेशियों को छुड़ाया गया, एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा दो वाहनों को जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार 14 मई को कीढ़ियां क्षेत्र में नाका चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कैंटर (जेके13एच-5720) को रोका गया जिसमें 12 मवेशी क्रूरता से भरे पाए गए। चालक शाहीर चैधरी को मौके पर गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में रावी नदी क्षेत्र में बिना नंबर के एक वाहन को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी के दौरान उसमें से 18 मवेशी बरामद किए गए। दोनों मामलों में पुलिस स्टेशन लखनपुर में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

